आजादी और साझी विरासत के मसीहा: मौलाना अबुल कलाम आजाद



‘हजारों साल नरगिस अपनी बेनूरी पे रोती है,

बड़ी मुश्किल से होता है चमन में दीदावर पैदा।’

मौलाना अबुल कलाम आजाद इस्लाम धर्म के प्रसिद्ध विद्वान, देशभक्त, सांप्रदायिक सद्भाव के लिए जज्बा रखने वाले महत्वपूर्ण शख्सियत थे। वें भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अग्रगण्य नेता होने के साथ ही बहुभाषाविद्  अरबी, फारसी, उर्दू व अंग्रेजी के जानकार और कवि भी थे। इन्हें लोग कलम के सिपाही के नाम से भी जानते हैं। वर्ष 1923 में वें भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सबसे कम उम्र के अध्यक्ष बने तथा आजादी के बाद भारत के पहले शिक्षा मंत्री बने। उनका जन्मदिन 11 नवंबर ‘राष्ट्रीय शिक्षा दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। 

मौलाना सैयद अबुल कलाम गुलाम मुहियुद्दीन आजाद को पूरी दुनिया मौलाना आजाद के नाम से जानती है। मौलाना आजाद का जन्म 11 नवंबर, 1888 को मक्का में हुआ था। उनकी माता एक अरब महिला थीं और पिता मौलाना खैरुद्दीन एक बंगाली मुसलमान थे। जो कलकत्ता के सबसे काबिले एहतराम आलिम थे। आपकी शादी मक्का की एक खातून के साथ हुई थी और मौलाना खैरुद्दीन के मक्का में रहने के दौरान ही मौलाना अबुल कलाम आजाद का जन्म हुआ। इस तरह अरबी इनकी मातृभाषा थी और मौलाना को इस पर महारत हासिल थी। 

मौलाना आजाद ने अपने परिवार की संस्कृति के मुताबिक पारम्परिक इस्लामी शिक्षा हासिल की। पहले उनको घर पर पढ़ाया गया और बाद में उनके पिता ने पढ़ाया। फिर उनके लिए शिक्षक रखे गए। आजाद का संबंध एक धार्मिक परिवार से था इसलिए शुरुआत में उन्होंने इस्लामी विषयों का ही अध्ययन किया, और इसके साथ ही पश्चिमी दर्शनशास्त्र, इतिहास और समकालीन राजनीति का भी अध्य्यन किया और अफगानिस्तान, इराक, मिस्र, सीरिया और तुर्की जैसे देशों का सफर किया।

अपने छात्र जीवन में ही मौलाना आजाद ने एक पुस्तकालय चलाना शुरू कर दिया साथ ही एक ‘डिबेटिंग सोसायटी’ भी खोली। मौलाना आजाद पर  सर सैय्यद अहमद खान का गहरा प्रभाव पड़ा था। उन्होंने उनके लेखन को बहुत रुचि के साथ पढ़ा। वें आधुनिकता और आधुनिक शिक्षा के बारे में सर सैय्यद अहमद खान के विचारों को स्वीकार करते थे।   



मौलाना आजाद पत्रकारिता में तब सक्रिय हुए जब वह अपनी किशोरावस्था में थे। उन्होंने 1912 में एक साप्ताहिक पत्रिका निकालना शुरू किया। उस पत्रिका का नाम ‘अल हिलाल’ था। ‘अल हिलाल’ के माध्यम से उन्होंने सांप्रदायिक सौहार्द और हिंदू मुस्लिम एकता को बढ़ावा देना शुरू किया और साथ ही ब्रिटिश शासन पर प्रहार भी किया। भला ब्रिटिश शासन को अपनी आलोचना और हिंदू-मुस्लिम एकता कैसे भाती, आखिरकार सरकार ने इस पत्रिका को प्रतिबंधित कर दिया। मौलाना आजाद भी कहां मानने वाले थे। उन्होंने ‘अल-बलाग’ नाम से एक और पत्रिका निकालना शुरू कर दिया। इसके माध्यम से भी उन्होंने भारतीय राष्ट्रवाद और हिंदू-मुस्लिम एकता के अपने मिशन को आगे बढ़ाना शुरू किया।

मौलाना आजाद ने कई किताबें भी लिखीं जिनमें उन्होंने ब्रिटिश शासन का विरोध किया और भारत में स्वशासन की वकालत की। भारत के स्वतंत्रता संग्राम पर मौलाना आजाद ने एक किताब भी लिखी है, ‘इंडिया विंस फ्रीडम’ जिसे 1957 में प्रकाशित किया गया। लेकिन उन्हें मरणोपरांत प्रकाशित एक आत्मकथात्मक कथा के लिए भी जाना जाता है। उनकी अन्य महत्वपूर्ण पुस्तकों में शामिल हैं गुबार-ए-खातिर, पाकिस्तान पर आजाद,  ‘तजकिरह’, हिज्र-ओ-वस्ल, खुत्बात-उल-आजाद,  और ‘हमारी आजादी’ शामिल हैं। 

साहित्य अकादमी द्वारा छः संस्करणों में प्रकाशित कुरान का अरबी से उर्दू में अनुवाद और व्याख्या उनके शानदार लेखन को दर्शाता है। इसके बाद ‘तर्जुमान-उल-कुरान’ के कई संस्करण निकले हैं। मौलाना आजाद ने ‘अंजुमन-ए-तरक्की-ए-हिन्द’ को भी एक नया जीवन दिया। 

मौलाना आजाद हिंदू-मुसलिम एकता के प्रबल पक्षधर थे और मुस्लिम युवकों को क्रांतिकारी आंदोलनों के प्रति प्रेरित करते थे। वे गांधी जी के  सिद्धांतों के प्रबल समर्थक थे। (1920 -1924) में जब ‘खिलाफत आंदोलन’ छेड़ा गया तो उसके सक्रिय प्रतिभगियों में से एक मौलाना आजाद भी थे। खिलाफत आंदोलन के दौरान उनका महात्मा गांधी से सम्पर्क हुआ। इसी दौरान मौलाना आजाद ने ‘अखिल भारतीय खिलाफत समिति’ के अध्यक्ष का पद संभाला, और अहिंसक ‘नागरिक अवज्ञा आंदोलन’ में गांधीजी का खुलकर समर्थन किया। 1919 के रॉलट ऐक्ट के खिलाफ ‘असहयोग आंदोलन’ के आयोजन में भी मौलाना आजाद ने अहम भूमिका निभाई। महात्मा गांधी उनको ‘ज्ञान सम्राट’ कहा करते थे।

इसके बाद मौलाना आजाद और गांधी जी करीब हो गए, और वे गांधी जी के नमक-मार्च (1930) सहित विभिन्न सविनय-अवज्ञा (सत्याग्रह) अभियानों में शामिल थे। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान ब्रिटिश विरोधी भारत अभियान में भाग लेने के लिए 1920 और 1945 के बीच उनको कई बार जेल में कैद किया गया था। 1923 और 1940-46 में मौलाना आजाद कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष थे। इस तरह वह बहुत छोटी उम्र से ही स्वतंत्रता आंदोलन में शामिल हो गए, और 35 साल की उम्र में कांग्रेस के अध्यक्ष बन गए, शायद वह कांग्रेस पार्टी के सबसे कम उम्र के अध्यक्ष थे। मौलाना आजाद भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के सक्रिय नेता थे।

मौलाना आजाद के लिए देशभक्ति इस्लामी दायित्व था। क्योंकि पैगम्बर (स.अ.व.) के बारे में रवायत है कि आप (स.अ.व.) ने फरमाया कि किसी का अपने देश से प्यार करना उसके ईमान का हिस्सा है। और देश से इस प्यार ने विदेशी गुलामी से आजादी की मांग की और इस तरह अपने देश को ब्रिटिश गुलामी से आजाद कराने को अपना फर्ज समझा। 

गांधी जी की तरह मौलाना आजाद का मानना था कि देश की आजादी के लिए हिंदू मुस्लिम एकता जरूरी है। इस तरह जब वे कांग्रेस के रामगढ़ अधिवेशन में पार्टी के अध्यक्ष बन गए, तब मौलाना आजाद ने अपने अध्यक्षीय सम्बोधन को इन शब्दों के साथ समाप्त किया, ‘चाहे जन्नत से एक फरिश्ता अल्लाह की तरफ से हिंदुस्तान की आजादी का तोहफा लेकर आए, मैं उसे तब तक कुबूल नहीं करूंगा, जब तक कि हिंदू मुस्लिम एकता कायम न हो जाए, क्योंकि हिंदुस्तान की आजादी का नुकसान हिंदुस्तान का नुकसान है जबकि हिंदू मुस्लिम एकता को नुकसान पूरी मानवता का नुकसान होगा।’

ये बहुत अर्थपूर्ण शब्द हैं और मौलाना आजाद के लिए सिर्फ बयानबाजी नहीं थी, लेकिन यह कुरान की वास्तविकता की बुनियाद पर उनकी गहरी समझ थी। बीसवीं सदी की शुरूआत में मौलाना ने रांची में कैद के दौरान कुरान की जो व्याख्या की लिखी उसे भारतीय उपमहाद्वीप के साहित्य जगत  में महान योगदान माना जाता है। 

मौलाना आजाद ने हिंदू-मुस्लिम एकता के लिए कार्य किया और वो अलग मुस्लिम राष्ट्र (पाकिस्तान) के सिद्धांत का विरोध करने वाले मुस्लिम नेताओं में से एक थे जो देश-विभाजन के सख्त खिलाफ थे। लेकिन विभाजन ने उनके एक-राष्ट्र के सपने को चकनाचूर कर दिया, जहाँ हिंदू और मुसलिम साथ-साथ रहकर तरक्की कर सकते थे। 

पंडित नेहरू और मौलाना आजाद एक दूसरे के बहुत करीब थे। वे केवल अच्छे दोस्त ही नहीं थे बल्कि एक दूसरे का बहुत सम्मान करते थे। नेहरू ने कई भाषाओं पर मौलाना आजाद की महारत हासिल करने और उनकी इल्मी सलाहियत पर अपनी किताब ‘डिसकवरी ऑफ इंडिया’ में काफी विस्तार से लिखा है। दूसरे धर्मों के बारे में भी मौलाना आजाद का ज्ञान बहुत गहन था। महिलाओं की शिक्षा और अधिकारों के बारे में उनके संकल्प आज ही जैसे थे। वह महिलाओं को आमतौर पर घर की चार दीवारी तक ही सीमित रखने का विरोध करते थे। 

मौलाना आजाद हिंदुस्तान की आजादी के बाद उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से 1952 में सांसद चुने गए और भारत के पहले शिक्षा मंत्री बने। मौलाना आजाद ने शिक्षा के क्षेत्र में कई अतुल्य कार्य किए। शिक्षा मंत्री बनने पर उन्होंने निःशुल्क शिक्षा, उच्च शिक्षा संस्थानों की स्थापना की। मौलाना आजाद ने ही ‘भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान’ और ‘विश्वविद्यालय अनुदान आयोग’ की स्थापना की थी।

इसी के साथ मौलाना आजाद ने शिक्षा और संस्कृति को विकसित करने के लिए उत्कृष्ट संस्थानों की स्थापना की थी, और संगीत नाटक अकादमी (1953), साहित्य अकादमी (1954) और ललित कला अकादमी (1954) की स्थापना की थी। सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन ने मौलाना आजाद के शिक्षा के क्षेत्र में किए गए योगदान के लिए उनके जन्मदिन पर साल 2015 में ‘राष्ट्रीय शिक्षा दिवस’ (नेशनल एजुकेशन डे) मनाने का फैसला किया था।

आजादी के बाद, एक पद जो मौलाना आजाद ने 1958 तक पंडित जवाहरलाल नेहरू के मंत्रिमंडल में रखा था। वह भारत और पूर्वी देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान को सुरक्षित करने के लिए भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद की स्थापना करने के लिए स्मारकीय था। मौलाना आजाद एक महान राजनीतिज्ञ थे। वें उन भारतीय नेताओं में से एक थे जिन्होंने ब्रिटिश हुकूमत के साथ भारतीय स्वतंत्रता के लिए बातचीत की। उन्होंने एक ऐसे भारत की पुरजोर वकालत की, जो स्वतंत्र भारत और पाकिस्तान में ब्रिटिश भारत के विभाजन का कड़ा विरोध करते हुए हिंदू और मुसलमान दोनों को गले लगाएगा। लेकिन मौलाना आजाद सफल नहीं हुए और देश को विभाजित होने से नहीं बचा सके। 

मौलाना आजाद ने 22 फरवरी, 1958 को इस दुनिया को अलविदा कह दिया। उन्हें स्वतंत्रता सेनानी, पत्रकार, विद्वान और कवि के रूप में उनके प्रयासों की पहचान के लिए मरणोपरांत वर्ष 1992 में भारत रत्न से सम्मानित किया गया। मौलाना आजाद ने हमेशा सादगी का जीवन पसंद किया। आपको जानकर हैरानी होगी जब उनका निधन हुआ था, उस समय भी उनके पास कोई संपत्ति नहीं थी और न ही कोई बैंक खाता था। उनकी निजी अलमारी में कुछ सूती अचकन, एक दर्जन खादी के कुर्ते पायजामें, दो जोड़ी सैंडल, एक पुराना ड्रैसिंग गाऊन और एक उपयोग किया हुआ ब्रश मिला। किंतु वहां अनेक दुर्लभ पुस्तकें थी जो अब राष्ट्र की सम्पत्ति हैं।

‘लायी हयात आये, कजा ले चली, चले।

अपनी खुशी से आये, न अपनी खुशी चले।’



शाहीन अंसारी

निदेशक

सेन्टर फॉर हार्मोनी एंड पीस


Popular posts from this blog

'चिंटू जिया' पर लहालोट हुए पूर्वांचल के किसान

लाइनमैन की खुबसूरत बीबी को भगा ले गया जेई, शिकायत के बाद से ही आ रहे है धमकी भरे फोन

नलकूप के नाली पर पीडब्लूडी विभाग ने किया अतिक्रमण, सड़क निर्माण में धांधली की सूचना मिलते ही जांच करने पहुंचे सीडीओ, जमकर लगाई फटकार