....तो इस मामले को लेकर गिरफ्तार हुए रिपब्लिक टीवी के एडिटर-इन-चीफ अर्नब गोस्वामी

 


जनसंदेश न्‍यूज

नई दिल्ली। रिपब्लिक टीवी के एडिटर इन चीफ अर्नब गोस्वामी को मुंबई पुलिस ने बुधवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद पुलिस उन्हें अपने साथ अलीबाग लेकर गई। दूसरी तरफ अर्नब ने पुलिस पर अपने और परिवार के साथ मारपीट का आरोप लगाया। रिपब्लिक टीवी ने कुछ वीडियो दिखाया है, जिसमें पुलिस और अर्नब के बीच झड़प होती दिख रही है। मुंबई पुलिस ने 2018 से जुड़े एक केस के सिलसिले में अर्नब के खिलाफ यह कार्रवाई की है। 

अर्नब की गिरफ्तारी को गृहमंत्री अमित शाह सहित कई बड़े नेताओं व अभिनेत्री कंगना रानौत ने खुलकर आलोचना की है और इसे प्रेस की स्वतंत्रता पर प्रहार बताया है। दूसरी तरफ पुलिस महानिरीक्षक (कोंकण रेंज) संजय मोहिते ने पुष्टि की कि अर्नब गोस्वामी को रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हालांकि, उन्होंने अधिक विवरणों देने से इनकार कर दिया। 

इस मामले में हुई गिरफ्तारी

अर्नब की गिरफ्तारी को लेकर बताया जा रहा हैं कि यह मामला 2018 का है। जब एक 53 वर्षीय इंटीरियर डिजाइनर अन्वय नाइक और उनकी मां कुमुद नाइक ने मई 2018 में अलीबाग में आत्महत्या कर ली थी। इस घटना के बाद एक सुसाइड नोट मिला था, जो कथिततौर पर अन्वय द्वारा लिखा गया था। इस सुसाइड नोट में उन्होंने कहा था कि अर्नब गोस्वामी और दो अन्य ने उन्हें 5.40 करोड़ रुपये का भुगतान नहीं किया, जिसकी वजह से उन्हें आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ा।

समाचार एजेंसी एएनआई ने अर्नब को हिरासत में लिए जाने के दौरान का वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि बड़ी संख्या में पुलिस बल हैं। अर्नब गोस्वामी को मुंबई पुलिस अपने साथ वैन में ले जाती दिख रही है। 

आपको बता दें कि 53 वर्षीय इंटीरियर डिजाइनर अन्वय नाइक और उनकी मां कुमुद नाइक मई 2018 में अलीबाग तालुका के कावीर गांव में अपने फार्महाउस पर मृत पाए गए थे। अन्वय फर्स्ट फ्लोर पर मृत पाए गए, जबकि उनकी मां का शव ग्राउंड फ्लोर पर मिला था। इसके बाद 48 वर्षीय अन्वय की पत्नी अक्षता नाइक ने मामला दर्ज कराया था। 

उस घटना के बाद जो सुसाइड नोट मिला, उसमें मृतक ने आरोप लगाया था कि उसे और उसकी मां को अपनी जिंदगी समाप्त करने के लिए मजबूर होना पड़ा, क्योंकि उन्हें अर्नब गोस्वामी और दो अन्य फिरोज शेख और नितेश सरदा के द्वारा 5.40 करोड़ रुपये की बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया। 

मई 2020 में अन्वय नाइक की बेटी अदन्या ने महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख से से दोबारा जांच करने की गुहार लगाई। अदन्या ने आरोप लगाया कि अलीबाग पुलिस ने मामले की ठीक से जांच नहीं की थी। इसके बाद महाराष्ट्र के गृहमंत्री ने नए सिरे से जांच की घोषणा की। इससे पहले स्थानीय पुलिस ने यह कहते हुए मामला बंद कर दिया था कि मामले में दर्ज लोगों के खिलाफ पर्याप्त सबूत नहीं थे।




Popular posts from this blog

'चिंटू जिया' पर लहालोट हुए पूर्वांचल के किसान

लाइनमैन की खुबसूरत बीबी को भगा ले गया जेई, शिकायत के बाद से ही आ रहे है धमकी भरे फोन

नलकूप के नाली पर पीडब्लूडी विभाग ने किया अतिक्रमण, सड़क निर्माण में धांधली की सूचना मिलते ही जांच करने पहुंचे सीडीओ, जमकर लगाई फटकार