कपरवार में कटान रोकने के लिए ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
बरहज, देवरिया। बरहज में नदियों से हो रही कटान थमने का नाम नही ले रही है। खेतों पर सरयू एवं राप्ती का कटान जारी वही सबकुछ जानकर कर प्रशासन बेफिक्र बना है। जिसके चलते कटान से अजिज आए कपरवार गांव के लोगों ने सोमवार की सुबह प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए घंटों धरना दिया। वर्तमान में सरयू कपरवार गांव के दक्षिणी किनारे के खेतों एवं राप्ती इसी गांव के पश्चिमी किनारों की ओर कटान करते हुए मानव अधिवास की ओर बढ़ रही है। पिछले सप्ताह बाढ़ का पानी घटने के बाद हो रही भीषड़ कटान को रोकने हेतु बाढ़ खंड़ विभाग को सूचित किया गया, लेकिन कोई कार्यवाही नही हुई। हालांकि बाढ़ खंड़ विभाग द्वारा यहां कटान रोकने हेतु 56 करोड़ की परियोजना कार्यरत रही है, लेकिन वर्तमान माह में योजना पर कार्य बंद है।
प्रदर्शन कर रहे वीरेंद्र साहनी, श्याम सुंदर साहनी, चन्द्रशेखर साहनी, रमेश साहनी, जयनारायण निषाद, दीनानाथ साहनी, महात्म साहनी, राजेंद्र साहनी, प्रेमशंकर साहनी, रंजीता देवी, लालमती देवी, माया देवी, अमन साहनी, नीरज साहनी, अनिल साहनी, अनिल मिश्रा आदि ने बताया कि नदी कटान करते हुए घरों की ओर बढ़ रही है। प्रशासन कटान रोकने के प्रयास पर आंख बंद कर ले रहा है। इस संबंध में तहसीलदार बंजराज राम ने बताया कि कटान से बचाव हेतु सभी संभव प्रयास किया जाएगा।