घर में देवरानी-जेठानी के बीच मारपीट की सूचना मिलते ही वृद्ध को पड़ा दिल का दौरा, मौत
रोशन जायसवाल
बैरिया/बलिया। घर में देवरानी एवं जेठानी में जमकर मारपीट हुई। इससे भाई की पत्नी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिलने पर वृद्घ को दिल का दौरा पड़ा, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना बैरिया थाना क्षेत्र के संसार टोला (सिताबदियर) की है। मामले में गीता देवी पत्नी भुनेश्वर गोंड़ गंम्भीर रूप से घायल हो गई, जिन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शुक्रवार की सुबह भुनेश्वर गोंड़ के बड़े भाई त्रिलोकी गोंड़ (70) से किसी ने बता दिया कि गीता देवी की स्थिति चिंताजनक है। उनके बचने की उम्मीद कम है। इतना सुनते ही त्रिलोकी गोंड़ जमीन पर गिर गए और उनकी मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसएचओ संजय त्रिपाठी से पूछने पर बताया कि त्रिलोकी गोंड़ व भुनेश्वर गोंड़ सगे भाई है। दोनों लोग एक ही मकान में रहते है। किसी बात को लेकर दोनों परिवार की महिलाओं में झगड़ा व मारपीट हुआ। मृतक त्रिलोकी गोंड़ के शरीर पर कोई भी चोट का निशान नहीं है। फिर भी शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्यवाई होगी।