लाइन बाजार थाने के चंद कदम दूर तड़तड़ाई गोलियां, मचा हड़कंप, युवक को लगी गोली
जनसंदेश न्यूज़
जौनपुर। बुधवार की शाम ताबड़तोड़ हुई फायरिंग से पूरा जनपद दहल उठा। लाइन बाजार थाने से मात्र 100 मीटर दूर खरका तिराहे पर पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। जिसमें एक पक्ष ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग में एक युवक घायल हो गया। घटना की जानकारी होते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भेजवाया। वहीं मामले की जांच में जुट गई।
तीन महीने पहले छात्रसंघ के मामले को लेकर दो पक्षों में मियांपुर कालोनी में विवाद हुआ था। जिसमें दोनों पक्षों के तरफ से गोली चलाई गई थी। घटना को लेकर लाइन बाजार थाने में दोनों पक्षों पर 307 की धारा के तहत मुकदमा किया है। जिसमें हर्षित सिंह नामक युवक को 15 दिन जेल में रखा गया था और दुसरे पक्ष यानी विशाल सिंह व उनके मित्र पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
घायल के अनुसार बुधवार को वह किसी कार्य से वह अपने मित्र के साथ लाइन बाजार होते हुए हाईडिल स्थित अपने घर जा रहा था। इसी बीच विशाल सिंह, आकाश सिंह हनी, उदय यादव व उनके मित्र ने घात लगाकर फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें कृपा यादव के पैरों में गोली लग गई, गोली लगते ही विशाल सिंह व टीम मौके से फरार हो गई। खबर लिखे जाने तक घायल का इलाज सदर हॉस्पिटल में किया जा रहा है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।