कुएं पर पानी भरने को लेकर विवाद, बेटे की लाठी से पिता की मौत, कोहराम
जनसंदेश न्यूज
लालगंज/मीरजापुर। लालगंज थाना क्षेत्र के लहंगपुर पुलिस चौकी अंतर्गत तुरकहा गांव में बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर महिलाएं कूदी। इसके बाद विवाद बढ़ने पर लाठी डंडा चलने लगा। जिसमें अपने ही पुत्र से पिता राजाराम गंभीर रुप से घायल हो गए। जिसके बाद उपचार के दौरान शनिवार को सुबह बीएचयू ट्रामा सेंटर में मौत हो गई।
बताया जाता है कि लालगंज थाना के तुरकहा गांव में शुक्रवार की रात में कुएं से पानी लेने को लेकर भाई-भाई महादेव व सहदेव के बच्चों व महिलाओं के बीच विवाद हो गया। पिता राजाराम अपने पुत्र महादेव के साथ में रहते थे और सहदेव पिता से अलग रहता था। दोनों पक्ष से चले लाठी डंडे में सहदेव महादेव दोनों भाई और इनकी महिलाएं जबरदस्त लड़ाई करने लगी, इसको देख महादेव के साथ में रह रहे पिता राजाराम पहुंच कर बीच बचाव करना चाहा।
जिसमें सहदेव की लाठी लगने से पिता राजाराम गंभीर रुप से घायल हो गये। घायल राजाराम को परिजन मंडलीय अस्पताल ले गए, वहां से बेहतर उपचार हेतु ट्रामा सेंटर बीएचयू में उपचार के दौरान मौत हो गई। थाना प्रभारी हरिश्चंद्र ने बताया कि रात में दोनों पक्ष से मुकदमा कायम हुआ था। मामले की छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।