दोस्तों के साथ गांगी नदी में नहा रहा युवक डूबा, परिजनों में मातम
जनसंदेश न्यूज़
सैदपुर/गाजीपुर। थाना क्षेत्र के भितरी पुलिया के पास गुरुवार को गांगी नदी में नहाने गया युवक डूब गया। युवक के डूबने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव की तलाश में जुट गई। लेकिन काफी मशक्कत के बाद भी युवक के शव का पता नहीं चल सका।
थाना क्षेत्र के ही लच्छीपुर गांव निवासी फैजान (17) गांव के कुछ दोस्तों के साथ गांगी नदी में नहाने के लिए गया। पुरानी पुलिया के नीचे सब नहा रहे थे। नदी में पानी ज्यादा होने के कारण फैजान गहरे पानी में चला गया और डूब गया। उसके दोस्तों द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हुए। कुछ ही देर में घरवाले व पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस गोताखोरों के माध्यम से खोजबीन शुरू की लेकिन पता नहीं चल सका। पुलिया पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। मृतक दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता वकील, मां व बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल रविंद्रभूषण मौर्य ने बताया कि मामला संज्ञान में है। गोताखोरों के माध्यम से खोजबीन की जा रही है।