सपा की पूर्व महिला विधायक को जान से मारने की धमकी, की हाथपाई, विधायक पति की हो चुकी है हत्या, जांच में जुटी पुलिस
जनसंदेश न्यूज़
प्रयागराज। कैंट थाना क्षेत्र के अशोक नगर में रहने वाली समाजवादी पार्टी की पूर्व विधायक विजमा यादव को जान से मारने की धमकी दी गई। घर के पास पहुंच कर बदमाशों ने विधायक कर्मचारियों से हाथापाई करते हुए जान से मारने की धमकी दिया। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
पूर्व विधायक विजमा यादव वर्तमान में कैंट के अशोक नगर स्थित हेस्टिंगस रोड पर परिवार समेत रहती हैं। उनके पति विधायक जवाहर पंडित की गोली मारकर हत्या की गई थी, जिसमें हाल ही में करवरिया बंधुओं को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। विजमा ने पुलिस को बताया कि दो जुलाई की रात 10.30 बजे उनका घरेलू कर्मचारी अमित यादव कुछ सामान लेने बाहर गया था।
लौटते वक्त जैसे ही घर के पास पहुंचा, पहले से मौजूद सफारी सवार चार बदमाशों ने उसे रोक लिया। गाली गलौज करते हुए उन्होंने पहले उनके बेटे और फिर खुद उनके बारे में पूछा। कर्मचारी ने गाली देने से मना किया तो पिस्टल निकाल ली और फिर उसे पीटा। इसके बाद बदमाश सफारी लेकर निकल भागे। घर पहुंचकर कर्मचारी ने प्रकरण की जानकारी दी। जिसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर तहरीर दी।
पूर्व विधायक का यह भी कहना है कि घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। फुटेज उन्होंने पुलिस को सौंपी है। कैंट इंस्पेटक्टर चंद्रभान सिंह ने बताया कि अज्ञात में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच मेें पता चला है कि सफारी भगवतपुर निवासी एक व्यक्ति की है जिसमेें घटना के वक्त उसका बेटा अपने साथियों संग बैठा था। जांच पड़ताल की जा रही है।