साढू के साथ अवैध संबंध के शक में पति ने पत्नी पर चाकू से किया हमला, हुआ फरार, विवाहिता गंभीर
जनसंदेश न्यूज़
मऊ। शक आदमी के सोचने की क्षमता को किस हद तक प्रभावित करता है, इसका ताजा उदाहरण जनपद कोपागंज थाने अंतर्गत एक गांव में देखने को मिला। जहां एक व्यक्ति अपनी पत्नी के ऊपर चाकू से हमला कर दिया। उसको शक था की उसकी पत्नी का अवैध संबंध साढू के साथ है। हमले के बाद पति समेत सास और देवर के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी हुई है। वहीं गंभीर हालत में विवाहिता को चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
कोपागंज थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार देर रात साढ़ू के साथ अवैध संबंध के शक में पति ने पत्नी को चाकू मारकर घायल कर दिया। पत्नी का आरोप है कि शनिवार की रात वह अपने सास-ससुर को खाना देकर जैसे ही अपने कमरे में गई तो उसका पति अपने साढ़ू के साथ पत्नी का अवैध संबंध के शक में उसे गाली देने लगा। जिसपर उसने इस बात का विरोध किया तो पति उग्र होकर लाठी-डंडे से पीटने लगा, बाद में उसने चाकू घोंप दिया।
पत्नी चाकू से घायल होकर चीखने लगी। आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोपागंज भेज दिया। घायल पत्नी के प्रार्थना पत्र पर पुलिस ने सास, देवर और पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की धरपकड़ में जुट गई है। फिलहाल तीनों आरोपी फरार चल रहे हैं।