मां ने तीन साल के मासूम के साथ खाया जहर, परिजनों में कोहराम
जनसंदेश न्यूज
मुहम्मदाबाद/गाजीपुर। थाना क्षेत्र के आदिलाबाद में नवविवाहिता सहित मासूम की जहर खाने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना की जानकारी पर मायके पक्ष के लोग थाने पहुंच ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमाटर्म के लिए भेज दिया।
सदर कोतवाली क्षेत्र रौजा निवासी अनिता देवी पुत्री नगीना राम की शादी मुहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के आदिलाबाद के पवन कुमार के साथ जून 2017 में हुई थी। शादी के बाद से ही मृतका को पति सहित अन्य लोग दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। शुक्रवार की रात विवाहिता और पुत्र की जहर खाने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना की जानकारी होते ही मृतका के पिता नगीना राम ने थाने पहुंचकर पति सहित सास, देवर, ननद के खिलाफ नामजद तहरीर दिया।
मृतका के पिता ने बताया कि शादी के बाद से ही परिवारिक विवाद चल रहा था। जिसकी वजह से अनीता मायके चली आई थी। शनिवार को पति मामले को सुलझाते हुए अनीता को अपने साथ ले गया था। अनीता के पहुंचने के बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने जहर खाने की सूचना दी। आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने मेरी पुत्री समेत तीन साल के मासूम को जहर देकर मार दिया है। कोतवाली ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद लोगों को गिरफ्तार किया जायेगा।