आधुनिक भारत के निर्माता राम प्रसाद 'बिस्मिल', 11 जून जयंती पर विशेष


 


"सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल मे है,
देखना है जोर कितना बाजु-ए-कातिल में है""


वाराणसी। भारत की आजादी के आंदोलन में ये पंक्तियां क्रांतिकारियों का मशहूर नारा बनी। 1921 में बिस्मिल अजीमाबादी द्वारा   लिखी जोश-ओ-खरोश से लबरेज इन पंक्तियों ने जिस स्वतंत्रता  आंदोलन के क्रांतिकारी को अमर बना दिया वो थे राम प्रसाद 'बिस्मिल'।  आज उस रणबांकुरे का जन्म दिन है, जिसने फांसी के फंदे को हंसते-हंसते चूम लिया। 
 राम प्रसाद 'बिस्मिल' भारत की आजादी  के आंदोलन के क्रांतिकारी धारा के एक प्रमुख सेनानी थे। जिन्हें 30 वर्ष की उम्र में ब्रिटिश सरकार ने फांसी दे दी। वे मैनपुरी षड्यंत्र व काकोरी कांड जैसी कई घटनाओं में शामिल थे, तथा 'हिंदुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन' के सदस्य भी थे।
लेकिन बहुत ही कम लोग जानते हैं कि इस सरफरोश क्रांतिकारी के बहुआयामी व्यक्तित्व में संवेदनशील कवि/शायर, साहित्यकार, व इतिहासकार के साथ एक बहुभाषाभाषी अनुवादक का भी निवास था। 'बिस्मिल' उनका उर्दू तखल्लुस (उपनाम) था। जिसका हिन्दी मे अर्थ होता है 'आत्मिक रूप से आहत' । 'बिस्मिल' के अतिरिक्त वे 'राम' और 'अज्ञात' के नाम से भी लेख और कविताएं (शायरी) लिखते थे। 
11 जून 1897 में उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में मुरलीधर और मूलमती के घर पुत्र के रूप में क्रांतिकारी राम प्रसाद 'बिस्मिल'  ने जन्म लिया। किशोरावस्था से ही उन्होंने भारतीयों के प्रति ब्रिटिश सरकार के क्रूर रवैये को देखा था।  इससे आहत बिस्मिल का कम उम्र से  ही क्रान्तिकारियों की तरफ झुकाव होने लगा। 
उन्होंने 1916 में 19 वर्ष की उम्र में  क्रांतिकारी मार्ग में कदम रखा। बिस्मिल ने बंगाली क्रांतिकारी सचिन्द्र नाथ सान्याल और जदूगोपाल मुखर्जी के साथ मिलकर 'हिंदुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन' (ऌफअ)की स्थापना की,  और भारत को अंग्रेजी शासन से आजाद करवाने की कसम खायी। उत्तर भारत के  इस संगठन के लिए बिस्मिल अपनी देशभक्त माँ मूलमती से पैसे उधार लेकर किताबें लिखते व प्रकाशित करते थे। 11 किताबे उनके जीवनकाल  में प्रकाशित हुयी। जिनमे से एक भी गोरी सत्ता के कोप से नही बच सकी।   'देशवासियों के नाम' ,' स्वदेशी रंग',  'मन की लहर'और  'स्वाधीनता की देवी' जैसी किताबें इसका उदाहरण हैं।  इन किताबों की बिक्री से उन्हें जो पैसा मिलता था उस से वो पार्टी के लिए हथियार  खरीदते थे। साथ ही उनकी किताबों का उद्देश्य  जनमानस के मन मे क्रांति के बीज बोना था। ये वो ही समय था जब उनकी मुलाकात अन्य  क्रांतिकारियों  जैसे,  अशफाकुल्लाह खान, रौशन सिंह व राजेन्द्र लाहिड़ी से हुई। आगे चलकर ये सभी करीबी दोस्त बन गए।  उन्होंने ही चंद्रशेखर 'आजाद' और भगत सिंह जैसे नवयुवकों को  'हिंदुस्तान रिपब्लिकन  एसोसिएशन'  से जोडा जो कि बाद में  'हिंदुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन एसोसिएशन' बन गयी।


 



कई क्रांतिकारियों के नाम जोड़ी में लिए जाते हैं।  जैसे- भगत सिंह-चंद्रशेखर आजाद और राजगुरु। ऐसे ही बिस्मिल की कहानी अशफाकुल्लाह खान के जिक्र के बिना अधूरी है।  इसका कारण सिर्फ ये नही कि काकोरी कांड में ये दोनों मुख्य आरोपी थे । बल्कि एक जैसी सोच और सिद्धांत रखने वाले इन दोनों दोस्तों के दिल मे देशभक्ति  का जज्बा कूट-कूट कर भरा था। दोनों साथ रहते थे, साथ-साथ काम करते थे और हमेशा एक दूसरे का सहारा बनते।  दोनों एक दूसरे को जान से भी ज्यादा चाहते थे।   दोनों ने एक साथ जान दे दी पर एक दूसरे का साथ नही छोड़ा। बिस्मिल ने अपनी आत्मकथा में एक पूरा अध्याय अपने परम मित्र अशफाकुल्लाह को समर्पित किया है।  इनकी दोस्ती की मिसाल  आज भी दी जाती है। 


बिस्मिल हिन्दू-मुस्लिम एकता पर यकीन करते थे। 
रामप्रसाद बिस्मिल के नाम के आगे 'पंडित' जुड़ा था। जबकि अशफाक मुस्लिम थे। वो भी पंजवक्ता नमाजी। लेकिन इस बात का दोनों पर कोई फर्क नही  पड़ता था।  , क्योंकि दोनों का मकसद एक ही था - 'आजाद मुल्क'  वो भी धर्म या किसी और  आधार पर हिस्सों में बंटा हुआ नही। 
बिस्मिल कहते थे कि ब्रिटिश सरकार ने अशफाक को राम प्रसाद का दाहिना हाथ करार दिया अशफाक कट्टर मुसलमान हो कर पक्के आर्य समाजी राम प्रसाद बिस्मिल का क्रांतिकारी दाल का हाथ बन सकते हैं, तब क्या भारत की आजादी के नाम पर हिन्दू-मुसलमान अपने निजी छोटे-छोटे  फायदों के ख़्याल न करके आपस मे एक नही हो सकते। ये पंक्ति आज भी लोगों में बहुत मशहूर है। 



राम प्रसाद बिस्मिल ने  कांग्रेस के 1920 में कलकत्ताऔर 1921 में अहमदाबाद में हुए अधिवेशनों में हिस्सा लिया।  बताते है कि अहमदाबाद के अधिवेशन में मौलाना हसरत मोहानी के साथ मिलकर कांग्रेस की साधरण सभा मे 'पूर्ण स्वराज' का  प्रस्ताव पारित करवाने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।  और शाहजहांपुर लौटकर 'असहयोग आंदोलन ' को सफल बनाने में लग गए। 


 लेकिन साल 1922 में चौरा-चौरी कांड के बाद गांधी जी ने असहयोग आंदोलन वापस लेने का फैसला किया तो कई युवाओं को  उनके इस कदम से निराशा हुई। उनमे राम प्रसाद बिस्मिल और अशफाक भी थे। गांधी जी से मोहभंग होने के बाद ये सभी युवा क्रांतिकारी पार्टी में शामिल हो गए। इनका मानना  था कि मांगने से आजादी  मिलने वाली नही है। इसके लिए हमे लड़ना होगा।


बिस्मिल और अशफाक दोनों ने साथ मिलकर  1925 को काकोरी कांड अंजाम दिया था। उन्हें महसूस हो गया था कि ब्रिटिश सरकार के खिलाफ  एक संगठित विद्रोह करने के लिए हथियारों की जरूरत है, जिसके लिए पैसों के साथ-साथ प्रशिक्षित लोगों की आवश्यकता भी होगी।  ऐसे में इस संगठन ने अंग्रेज सरकार की संपत्ति लूटने का निर्णय लिया। इसके जवाब में उन्होंने 9 अगस्त 1925 की रात को  अपने साथियों के साथ एक आॅपरेशन में काकोरी ट्रेन में ले जाया जा रहा सरकारी खजाना लूटा तो थोडे ही दिन बाद 26 सितंबर 1925 को उन्हें और अशफाक समेत उनके सभी साथियों को गिरफ़्तार कर लिया गया।
उनपर मुकद्दमा चलाया गया जो कि 18 महीने चला,  और  चार  क्रांतिकारी - राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाकुल्लाह खान, रौशन सिंह और राजेंद्र लाहड़ी को फांसी की सजा सुनाई गई। इन चारों को अलग-अलग जेलों में बंद कर दिया गया। बाकी सभी क्रांतिकारियों को लंबे समय के लिए कारावास की सजा मिली। 


 



लखनऊ सेंट्रल जेल के बैरक नंबर 11 में जेल की सजा काटते हुए बिस्मिल ने अपनी आत्मकथा लिखी।  बिस्मिल ने अपनी आत्मकथा के अंत मे देशवासियों से एक अंतिम विनय किया था ,  'जो कुछ करें सब करें, सब मिलकर करें और सब देश की भलाई के लिए करें। इसी से देश का भला होगा।'  इस आत्मकथा को  पत्रकार गणेश शंकर  विद्याथी ने 'काकोरी के शहीद' के नाम से उनके शहीद होने के बाद1928 में छापी थी। अपनी सजा के दौरान ही बिस्मिल ने,
 "मेरा रंग  दे बसन्ती चोला...
  माय रंग दे बसंती चोला...
 गीत की रचना की।  ये गीत भी आजादी के आंदोलन के मशहूर गीतों में से एक है।


जिन्दगी भर दोस्ती निभाने वाले अशफाक और बिस्मिल  दोनों को 19 दिसम्बर 1927 को अलग-अलग जगह फांसी दी गयी। अशफाक को फैजाबाद में और बिस्मिल को गोरखपुर में। फांसी पर चढ़ने से पहले बिस्मिल ने आखरी खत अपनी माँ को लिखा। होंटों पर  जयहिंद का नारा लिए मौत को गले लगाने वाले इन क्रांतिकारियों को पूरे देश ने नम आंखों से विदाई दी।  भारत मां  के इन  वीर बेटों को श्रद्धांजलि देने के लिए सैंकड़ों  भारतीयों की भीड़ उमड़ी। बिस्मिल और अशफाक दोनों ने साथ-साथ दुनिया को अलविदा कहा और साथ ही अपनी दोस्ती भी ले गए। 


"ऐ शहीद-ए-मुल्क-ओ-मिल्लत मैं तेरे ऊपर निसार,
  अब तेरी हिम्मत का चर्चा गैर की महफिल में है"'।


शाहीन अंसारी,सामाजिक कार्यकर्ता
        निदेशक सेन्टर फॉर हामोर्नी एंड पीस


Popular posts from this blog

'चिंटू जिया' पर लहालोट हुए पूर्वांचल के किसान

लाइनमैन की खुबसूरत बीबी को भगा ले गया जेई, शिकायत के बाद से ही आ रहे है धमकी भरे फोन

चकिया प्रीमियर लीग के फाइनल में केजीएन क्लब ने धनावल को दी शिकस्त, यह रहे मैच के हीरो