गिट्टी लदी ट्रक में सवार थे गुजरात, मुंबई से लौट रहे मजदूर, अनियंत्रित होकर पलटी, एक की मौत, आधा दर्जन घायल
जनसंदेश न्यूज़
जौनपुर। खुटहन क्षेत्र थाना क्षेत्र के गोबरहा गांव के शुक्रवार को तड़के जोरदार हादसा हो गया। यहां पर गिट्टी भारी ट्रक पर सवार होकर अपने वतन लौट रहे 8 परदेशी दुर्घटना के शिकार हो गए। इस हादसे में एक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वही 7 लोग जख्मी हो गए हैं। जिसमें दो की हालत नाजुक बताई जा रही हैं। उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया हैं। सूचना मिलते ही आलाधिकरी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रयागराज जिले के झूसी से गुजर रही गिट्टी लदी ट्रक (यूपी 53 ईटी 0701) पर मुम्बई, गुजरात समेत अन्य महानगरों से आ रहे छह मजदूर सवार होकर बस्ती के लिए निकले थे। रास्ते में बदलापुर में पैदल चल रहे दो और मजदूर सवार हो गए। यह ट्रक भोर में करीब पांच बजे खुटहन थाना क्षेत्र के गोबरहा गांव के पास पहुंची तो इसी बीच एक तेज गति से आ रहे बाइक सवार को बचाने के चक्कर ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गई। उस पर सवार सभी मजदूर गिट्टी में दब गये।
ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देने के बाद खुद मजदूरों को बाहर निकालने के लिये एकजुट हो कर लग गए। इस हादसे में बस्ती जिले के निवासी मनोज कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। बाकी सात लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने दो की हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही डीएम दिनेश कुमार सिंह, एसपी अशोक कुमार समेत भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं।