एक कमरे में अबूझ हालत में जले पति-पत्नी, पत्नी की मौत, पति गंभीर, लगाया हत्या का आरोप
विवाहिता के भाई की तहरीर पर ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
जनसंदेश न्यूज़
भदोही। नगर पंचायत सुरियावां के इंदिरा नगर में शनिवार की रात एक विवाहिता की अपने ही कमरे में जलकर मौत हो गयी। विवाहिता का पति भी झुलस गया है। मौके पर पहुंच मायके पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप लगाया है।
बताया जाता हैं कि शनिवार की रात शमशेर अली अपनी पत्नी अमीना बेगम के साथ भोजन करने के बाद कमरे में सोने चला गया। भोर में लोगों ने कमरे से धुआं उठता देखा। कमरे के बाहर पहुंचे तो शमशेर कराह रहा था। पड़ोसियों द्वारा कमरे का दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर का नजारा देखकर सब अवाक रह गए। अमीना बुरी तरह से झुलसी पड़ी थी। शमशेर दर्द से कराह रहा था। घटना की सूचना पुलिस को दी गयी। पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
अमीना को चिकित्सको ने मृत घोषित कर दिया। शमशेर को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर औराई बाजार निवासी अमीना के भाई अमीन ने सुरियावां थाने में तहरीर देकर शमशेर पर अमीना को जलाकर मारने का आरोप लगाया। कहा कि महिला से अवैध संबंध के चलते अमीना को प्रताड़ित करते थे। क्षेत्राधिकारी भूषण वर्मा थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह मौके पर पहुंच गए। इस सम्बंध में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया हैं।