किसानों को जल्द मिलेगा सम्मान निधि का पैसा, जनपद से भेजी गयी डेढ़ लाख से अधिक लाभार्थियों की सूची
जनसंदेश न्यूज
वाराणसी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से जुड़े किसानों को इस बार समय से पहले उनकी किश्त मिलेगी। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। साथ ही योजना में सूचिबद्ध जनपद के डेढ़ लाख से अधिक किसानों की लिस्ट शासन को भेजी जा चुकी है।
कोरोना वायरस के संक्रमण से जनता तो बचाने और उन्हें सुरक्षित रखने के उद्देश्य से लागू लॉक डाउन के कारण विभिन्न स्तर पर कामकाज पर पड़े असर से किसान भी अछूते नहीं हैं।लॉक डाउन का प्रभाव खेती-बाड़ी पर भी पड़ रहा है। हालांकि शासन का प्रयास है कि लॉक डाउन के बीच किसानों को न सिर्फ हर संभव मदद दी जाय बल्कि कृषि कार्य में आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए किसान को ब्लाक मुख्यालय या जनपद मुख्यालय स्थित विभागीय दफ्तरों का चक्कर न लगायी पड़े।
इसी क्रम में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में दी जा रही अगली किश्त एक अप्रैल से 31 जुलाई के लिए जारी होनी है। यह किश्त इस बार तय तिथि के समापन से पहले उपलब्ध कराने की कवायद है। इसी उद्देश्य से शासन के निर्देश पर वाराणसी जनपद में स्कीम से जुड़े डेढ़ लाख से अधिक किसानों की लिस्ट वेरिफाई कर बीते गुरुवार को भेजी गयी। जिला कृषि अधिकारी सुभाष मौर्य ने यह जानकारी देते हुए बताया कि सूची दो चरण में मुख्यालय को दी गयी है। जिसके तहत प्रथम चरण में एक लाख 51 हजार 271 किसानों के और दूसरी बार लगभग चार हजार किसानों की लिस्ट भेजी गयी है।