किसानों की समस्याओं को लेकर सड़क पर उतरे कांग्रेसी, तहसील मुख्यालयों पर गरजे
जिले के सभी तहसीलों पर कांग्रेसजनों का जोरदार प्रदर्शन
मांग पत्र में किसानों की समस्याओं को उठाया प्रमुखता से
जनसंदेश न्यूज
वाराणसी। प्रदेश इकाई के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को तहसील मुख्यालयों पर जोरदार प्रदर्शन किया। सदर, पिण्डरा व राजातालाब तहसील पर सौंपे गये पत्र में विभिन्न जनसमस्याओं के साथ ही किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
भोजूबीर चौराहा स्थित राजर्षि की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कांग्रेसजनों ने सदर तहसील तक पैदल मार्च निकाला। सदर तहसील पर प्रदर्शन के दौरान पूर्व प्रदेश महासचिव सतीश चौबे ने कहा कि छुट्टा पशुओं की बढ़ती संख्या के चलते किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। पिछले तीन साल से गन्ने के दाम में कोई वृद्धि नहीं हुई है। गन्ना किसानों को समय से भुगतान भी नहीं किया जा रहा है। सरकार की गलत नीतियों के चलते बीमा कंपनियां तो मालामॉल हो रहीह ै, लेकिन किसान आपदा आने के बावजूद नुकसान की भरपाई से वंचित हो रहे हैं। उन्होंने फसल बीमा का बजट बढ़ाने और बीमा कंपनियों पर नकेल कसने की मांग की। इस दौरान आठ सूत्री मांग पत्र तहसील प्रशासन को सौंपा गया। प्रदर्शन में राघवेन्द्र चौबे, ओमप्रकाश ओझा, दिलीप चौबे, फसाहत हुसैन बाबू, हसन मेंहदी कब्बन, पार्षद विनय शादेजा, हाजी तौफीक कुरैशी, अशोक सिंह, मयंक चौबे, विनोद सिंह आदि थे। दूसरी तरफ, जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने राजातालाब तहसील पर प्रदर्शन किया और तहसीलदार रविशंकर यादव को आठ सूत्री मांग पत्र सौंपा।
पिंडरा प्रतिनिधि के अनुसार, पूर्व विधायक अजय राय के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने पिण्डरा तहसील पर प्रदर्शन किया और किसानों की समस्याओं से संबंधित छह सूत्री मांग पत्र जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा को सौंपा। डीएम ने उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर पिंडरा विधानसभा के दर्जनों कार्यकर्ता व क्षेत्रीय किसान पिंडरा तहसील पर इकट्ठा हुए और पूर्व विधायक अजय राय के नेतृत्व में तहसील परिसर सभागार में चल रहे सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे। जहां आम फरियादी की तरह कतार में खड़े हो गए। अपनी बारी आने पर पूर्व विधायक अजय राय ने डीएम कौशल राज शर्मा से किसानों के समस्या के बारे में बताते हुए कहा कि छुट्टा पशु किसानों के लिए गम्भीर समस्या बने हैं। इसके अलावा फसलों का समर्थन मूल्य बढ़ाने और किसान बीमा बढ़ाने की मांग की। साथ ही ओलावृष्टि से हुए फसलों के नुकसान का मुआवजा दिलाने की बात कही। धान और गन्ना की फसलों का भुगतान भी जल्द करवाने की मांग की। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गजोखर में डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग की। जिस पर सीएमओ डा. बीवी सिंह ने कहा कि जल्द ही वहां डॉक्टर की नियुक्ति की जाएगी। इसके बाद कांग्रेसी तहसील परिसर से बाहर निकले और सरकार विरोधी नारे भी लगाए। इस अवसर पर पीसीसी सदस्य त्रिभुवन पांडेय, रामसनेही पांडेय, श्रीप्रकाश मिश्रा, राजीव कुमार, अखिलेश दत्त पांडेय, श्याम सिंह, शशिकांत मिश्र, लालबहादुर दुबे, मन्नालाल राजभर, राजनाथ पटेल, लालमन, गुलाब पटेल, काशीनाथ, सुनीता देवी, सावित्री देवी, संजय सिंह, नुरुल हशन उर्फ मास्टर आदि शामिल रहे।